
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू व विधायक धर्मजीत सिंह के प्रयासों से मिली स्वीकृति, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
तखतपुर। नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विकास की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वार्ड क्रमांक-3 स्थित श्री राम सदन में भव्य मंच एवं अतिरिक्त कक्षों तथा राजपूत क्षत्रिय समाज भवन के निर्माण हेतु शिलालेख अनावरण एवं विधिवत भूमि पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शिलालेख का अनावरण कर किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। भूमि पूजन के बाद मंच पर उपस्थित अतिथियों का पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने की।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
श्री राम सदन के लिए 25 लाख की स्वीकृति
नगरवासियों की बढ़ती सामाजिक एवं सांस्कृतिक आवश्यकताओं को देखते हुए श्री राम सदन में भव्य मंच एवं अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू के विशेष प्रयासों से 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

निर्माण पूर्ण होने के बाद यहां विवाह, भागवत कथा, धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राजपूत क्षत्रिय समाज भवन पर 35 लाख होंगे खर्च
राजपूत क्षत्रिय समाज के लिए बनने वाले भवन की कुल लागत 35 लाख रुपये होगी। इसमें 15 लाख रुपये केंद्रीय मंत्री तोखन साहू तथा 20 लाख रुपये विधायक धर्मजीत सिंह की अनुशंसा से स्वीकृत किए गए हैं। भवन निर्माण के बाद समाज की बैठकें, सामाजिक आयोजन एवं सामुदायिक गतिविधियां एक ही स्थान पर सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।
विकास के लिए हर दिन नया कदम उठाने का संकल्प : धर्मजीत सिंह
इस अवसर पर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि तखतपुर को सुंदर, स्वच्छ एवं स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्री राम सदन का विकास नगरवासियों को एक उत्कृष्ट सार्वजनिक मंच उपलब्ध कराएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर कार्यरत हैं।
आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेगी धरोहर : पूजा मक्कड़
नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू एवं विधायक धर्मजीत सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से तखतपुर में विकास के नए द्वार खुल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों निर्माण कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण धरोहर साबित होंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक, राजपूत क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष नारायण सिंह, प्रदीप कौशिक, रामचरण वस्त्रकार, कृष्ण कुमार साहू, बंसी पांडे, गौरी देवांगन, नगर पालिका सीएमओ अमरेश सिंह, प्रीति जांगड़े, इंजीनियर साहू, नर्मदा सिंह, लव कुमार पांडे, , कोमल सिंह ठाकुर, अंकित अग्रवाल, सुरेश देवांगन, इस्लाम अंसारी, अजय देवांगन, प्रमोद ठाकुर, प्रीतम कश्यप, अमित मंदानी, कैलाश देवांगन, सुनील जांगड़े, रमन हुरा, लवली हुरा, गुरजीत खुराना, मनी सिंह, गोविंद सिंह, ईश्वर देवांगन, शिवनाथ देवांगन, रोशन सिंह, भोला सिंह, संजय सिंह, अनिल शिवहरे, नरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, मनोहर सिंह, पुष्पराज सिंह, शत्रुघ्न सिंह, कुलदीप सिंह, चिंटू सिंह ठाकुर, सम्राट सिंह ठाकुर, ईशान सिंह ठाकुर, दीपक सिंह ठाकुर सहित राजपूत क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



