मासिक धर्म को लेकर जागरूक हुईं छात्राएं, विशेषज्ञों ने दूर किए मिथक

तखतपुर।महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर में “जागरूक नारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी देते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लेकर इस पहल की सराहना की।
आर्यन फ़िल्म के तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, तखतपुर में “जागरूक नारी” मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म के प्रति जागरूक करना, स्वच्छता के महत्व को समझाना और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) राम गोपाल करियारे ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की।
कार्यक्रम के दौरान महिला चिकित्सकों ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, वैज्ञानिक तथ्यों और इससे जुड़े सामाजिक मिथकों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही खुले संवाद के माध्यम से छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ इस विषय पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बिलासपुर के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन ट्रैफिक एसआई उमाशंकर पाण्डेय ने प्रभावी एवं प्रेरणादायी शैली में किया। आयोजन को सफल बनाने में रैपिडो, होटल बंशीवाला, एरिना एनीमेशन, आशीर्वाद हॉस्पिटल, जीवधर्णी फाउंडेशन सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं का विशेष योगदान रहा।
मासिक धर्म को लेकर समाज में आज भी कई तरह की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। ऐसे में “जागरूक नारी” जैसे कार्यक्रम न केवल छात्राओं को सही जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



