
तखतपुर। जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बांधा की सरपंच पुनीता नंदनी मरावी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को बहुमत से पारित हो गया। नियमानुसार संपन्न मतदान में सरपंच के पक्ष में मात्र 5 मत पड़े, जबकि 15 पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया। आवश्यक बहुमत मिलने के बाद सरपंच को पद से हटा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में कथित अनियमितताओं और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय की कमी को लेकर पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। प्रस्ताव स्वीकार होने के बाद सक्षम अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया।

मतदान के दौरान कुल 20 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 15 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में तथा 5 सदस्यों ने सरपंच के समर्थन में मतदान किया। स्पष्ट बहुमत मिलने के साथ ही अविश्वास प्रस्ताव पारित घोषित कर दिया गया।

अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद ग्राम पंचायत बांधा की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। अब पंचायत के नए नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। नियमानुसार आगामी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार ने की पुष्टि
तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला ने बताया कि ग्राम पंचायत बांधा की सरपंच के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई गई। मतदान में कुल 20 सदस्यों ने भाग लिया, जिनमें 15 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में तथा 5 सदस्यों ने विपक्ष में मतदान किया। आवश्यक बहुमत मिलने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। नियमानुसार इसकी पुष्टि कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



