
तखतपुर .तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुँआ में बाड़ी की घेराबंदी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में ग्राम पंचायत कुँआ की सरपंच शिवकुमारीस्त्रकार ने गांव के प्रदीप कैवर्त एवं उसके परिजनों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। सरपंच का कहना है कि घटना के दौरान उनके पति एवं बेटी के साथ भी मारपीट की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद तखतपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुँआ में बाड़ी की घेराबंदी को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। सरपंच शिवकुमारी वस्त्रकार का आरोप है कि प्रदीप कैवर्त एवं उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की, जिसमें उनके पति और बेटी को भी चोटें आईं।
घटना के बाद सरपंच अपने परिवार के साथ तखतपुर थाने पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।
मामले में एसआई डी.आर. मनहर ने बताया कि सरपंच की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद में दूसरे पक्ष को भी चोट आने की जानकारी मिली है। यदि आरोपी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार काउंटर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



