
बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंटबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार को जब्त कर लिया और वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक चलती हुई क्रेटा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। यह करतब न केवल उसकी जान के लिए खतरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रहा था। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और वाहन की पहचान करते हुए कार्रवाई शुरू की।
जांच में पता चला कि स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई कार का नंबर CG 10 BE 4400 है, जो बिलासपुर क्षेत्र की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक प्रशांत जायसवाल के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस जांच के दौरान कार में मौजूद युवतियों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, लापरवाही से वाहन चलाना और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या रोमांच के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे कृत्यों से बचें। यातायात नियमों का पालन करना ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है।



