
तखतपुर (बिलासपुर) | गजेंद्र तब्बू मीरी।
बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुसमूली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक पिता ने अपने ही बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी वह शराब के नशे में अपने पिता मोहित राम श्रीवास से विवाद कर रहा था। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
इसी दौरान गुस्से में आकर पिता मोहित राम श्रीवास ने घर में रखे डंडे से बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। डंडे का एक जोरदार वार विजेंद्र के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोट के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी पिता को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना घरेलू विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक पारिवारिक विवाद ने पिता-पुत्र के रिश्ते का हमेशा के लिए अंत कर दिया।



